रांची : मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद सृजन एवं नियुक्ति की मांग को लेकर राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल
राज्यपाल ने दिया आश्वासन, कहा – आज ही संबंधित विभाग को भेजेंगे पत्र
झारखंड प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ एवं झारखंड बी.पी.एड संघ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद सृजित करने तथा प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षा अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल, झारखंड को पत्र सौंपकर उनका ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान महामहिम राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस पत्र को आज ही संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को अवगत कराया कि झारखंड के मध्य विद्यालयों (कक्षा 6 से 8) में शारीरिक शिक्षकों का पद सृजित नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। शारीरिक शिक्षा केवल खेलकूद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास, मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। झारखंड प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कुमार महतो ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों को मोबाइल एवं ऑनलाइन गतिविधियों की बढ़ती लत से दूर कर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। इसके लिए राज्य के प्रत्येक मध्य विद्यालय में योग्य एवं प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति होनी चाहिए। संघ ने अपने मांग पत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 का हवाला देते हुए कहा कि इसमें शारीरिक शिक्षा, खेल, योग एवं स्वास्थ्य शिक्षा को शिक्षा व्यवस्था का अभिन्न अंग माना गया है। वहीं, महिपाल महतो ने कहा कि झारखंड शिक्षक नियमावली 2012 में विषयवार शिक्षकों के प्रावधान होने के बावजूद मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद अब तक सृजित नहीं किए गए हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 के तहत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को अनिवार्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से आग्रह किया कि राज्य सरकार को मध्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद सृजन एवं प्रशिक्षित बी.पी.एड अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि झारखंड के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शारीरिक शिक्षा मिल सके और वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षा अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से *झारखंड प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कुमार महतो*, बी.पी.एड संघ के अध्यक्ष महिपाल महतो, सचिव होपना सोरेन उपस्थित थे।
