चाईबासा : आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों को सक्रिय बनाने की पहल, जनभागीदारी से पोषण एवं बाल विकास सेवाओं को मिलेगी मजबूती
चाईबासा | झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत मंगलवार, 24 नवंबर को जिला समाज कल्याण विभाग, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। निर्धारित दैनिक गतिविधि कैलेंडर के तहत इस दिन की थीम “आंगनवाड़ी प्रबंधन समिति – बैठक एवं चर्चा, जनभागीदारी” रखी गई थी।
इस दौरान जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों के गठन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन केंद्रों में अब तक समिति का गठन नहीं हुआ है, वहां समिति गठित करने की पहल की गई। वहीं, पहले से गठित समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने और उन्हें सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।
बैठकों में आंगनवाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा विभिन्न गतिविधियों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े सभी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका पोषण ट्रैकर (Poshan Tracker) में पंजीकरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना, प्रबंधन समितियों को सक्रिय एवं जवाबदेह बनाना तथा पात्र लाभार्थियों तक पोषण और बाल विकास से संबंधित सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

