रामगढ़ : कैथा क्रिकेट महासंग्राम में छत्तर की शानदार जीत, 98 रनों से दिग्वार को हराया; मोहित उर्फ डेंजर ने 36 गेंदों में जड़ा शतक
खेल युवाओं में अनुशासन, भाईचारा और प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है:- लालू प्रसाद
रामगढ़ :- सोहराय पर्व के शुभ अवसर पर रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26, कैथा स्कूल ग्राउंड में क्रिकेट महासंग्राम टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तर एवं दिग्वार की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में छत्तर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिग्वार को 98 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच में मुख्य अतिथि के रूप में JLKM पार्टी के जिला उपाध्यक्ष लालू प्रसाद एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सचिव अनिल कुमार तथा जिला महासचिव सल्लू खान उपस्थित हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुकाबले में छत्तर की ओर से *मोहित उर्फ डेंजर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 36 गेंदों में 103 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच* के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि लालू प्रसाद ने कहा कि क्रिकेट टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी भाईचारा और टीम भावना को बढ़ावा देने का एक बेहतर माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मौके पर मुख्य रूप से JLKM पार्टी के पूर्व प्रत्याशी पनेश्वर महतो महतो, केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो, युवा मोर्चा के केंद्रीय सचिव सहदेव महतो, सुमन महतो, शिव कुड़मी, डब्लू महतो समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे ।

