उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के मद्देनजर गम्हरिया एवं छोटा गम्हरिया क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान, खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जाँच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए...
उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गम्हरिया एवं छोटा गम्हरिया क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत धनुका मार्ट, केक एंड को गिफ्ट सेंटर (बेकरी शॉप), महामाया भोजनालय, बंगाल स्वीट्स एवं श्याम स्वीट्स सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सैनिटेशन तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों की जाँच की गई।
निरीक्षण के क्रम में केक एंड को गिफ्ट सेंटर स्थित बेकरी दुकान में खाद्य कारोबार के संचालन हेतु आवश्यक खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर प्रतिष्ठान संचालक को चेतावनी देते हुए सात दिनों के भीतर खाद्य लाइसेंस प्राप्त करने हेतु आवेदन करने तथा खाद्य कारोबार का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, धनुका मार्ट से दो खाद्य उत्पादों के विधिक नमूने (Legal Samples) संग्रहित किए गए। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में जाँच हेतु भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, श्याम स्वीट्स से पनीर तथा बंगाल स्वीट्स से मिल्क केक के निगरानी नमूने (Surveillance Samples) भी संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित एवं उचित तरीके से भंडारण करने तथा खाद्य निर्माण एवं बिक्री के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों को धूल, गंदगी, कीट एवं अन्य बाहरी संदूषण से सुरक्षित रखने तथा उन्हें उचित तरीके से ढककर रखने की हिदायत दी गई।
खाद्य कारोबारकर्ताओं को आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत निर्धारित नियमों एवं विनियमों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपायुक्त के निर्देशानुसार स्पष्ट किया गया है कि आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

