रामगढ़ : रामगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उपरबरगा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के सामने लगी जलमीनार पिछले तीन वर्षों से खराब पड़ी है। इसके कारण आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के रामगढ़ जिला प्रवक्ता पांडव कुमार महतो ने 3 नवंबर 2026 को उपायुक्त, रामगढ़ को आवेदन देकर जलमीनार को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि जलमीनार लंबे समय से खराब रहने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की काफी परेशानी हो रही है। यहां तक कि मजबूरी में आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए भोजन बनाने में भी प्रदूषित पानी का उपयोग किया जा रहा है, जो बच्चों के स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है JLKM जिला प्रवक्ता पांडव कुमार महतो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया जाए तथा खराब पड़ी जलमीनार की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। मौके पर मुख्य रूप से अल्पसंख्यक मोर्चा के महासचिव अनवर अंसारी, जिला सचिव अमरदीप चौधरी,गोला प्रखंड सचिव परमेश्वर महतो, बड़कीपोना पंचायत अध्यक्ष विश्वजीत कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे ।
