रामगढ़: सोहराय पर्व के शुभ अवसर पर रामगढ़ जिले के कैथा की पावन धरती पर क्रिकेट महासंग्राम टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 अक्टूबर 2026 को हुआ, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आगामी 09 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में *मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक डॉ. जयराम कुमार महतो शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पनेश्वर कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष सुमन कुमार महतो, सचिव मनीष कुमार महतो एवं कोषाध्यक्ष टिकू पटेल सहित उपाध्यक्ष आशीष कुमार महतो, सहसचिव रोमनियो पटेल तथा उपकोषाध्यक्ष शिव कुमार महतो कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों, युवाओं एवं क्षेत्र के समस्त गणमान्य लोगों से अपील की है कि 09 नवंबर को आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत करें तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर इस खेल महोत्सव को सफल बनाएं।
