गम्हरिया: गम्हरिया रेलवे स्टेशन से सटे मुरकुम पाखुरगोड़ा क्षेत्र में कथित प्रतिबंधित मांस की बिक्री को लेकर गुरुवार को तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गम्हरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, गौ-रक्षा कार्यकर्ता रोनित गोराई और श्रवण गोराई को इलाके में कथित रूप से प्रतिबंधित मांस की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद दोनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां धीरे-धीरे स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालीगुमा निवासी मुजाहिद अंसारी, पिता रशीद अंसारी, को हिरासत में लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध मांस और दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं, आरोपी का भाई अब्दुल सलाम मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कथित अवैध मांस बिक्री और मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जब्त किए गए संदिग्ध मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि उसकी प्रकृति की पुष्टि हो सके। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
