रामगढ़ : 11 सूत्री मांगों पर CCL प्रबंधन ने 22 अक्टूबर को वार्ता के लिए बुलाया, JLKM के आंदोलन का असर
रामगढ़ :- झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) द्वारा स्थानीय बेरोजगार युवाओं, विस्थापितों, प्रभावितों, मजदूरों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर झारखंड ओपनकास्ट परियोजना प्रबंधन के समक्ष पूर्व में सौंपे गए 11 सूत्री मांगपत्र पर सकारात्मक पहल हुई है। JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष *रवि कुमार महतो* द्वारा दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को पत्र संख्या JLKM/10/2026 के माध्यम से 11 सूत्री मांगों पर विचार-विमर्श के लिए बैठक आयोजित करने का आग्रह किया गया था।
इसके आलोक में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की झारखंड ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना पदाधिकारी कार्यालय, केदला की ओर से दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को पत्र जारी कर 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे बैठक निर्धारित की गई है। यह बैठक झारखंड ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना कार्यालय में आयोजित होगी, जिसमें JLKM की ओर से उठाई गई 11 सूत्री मांगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। JLKM का कहना है कि क्षेत्र के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों के अधिकार, मजदूरों को उचित मजदूरी, स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान तथा परियोजना क्षेत्र के ग्रामीणों के हितों की रक्षा जैसे मुद्दों पर ठोस पहल होनी चाहिए। संगठन को उम्मीद है कि बैठक में प्रबंधन सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगा और समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लेगा। JLKM जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा तथा स्थानीय लोगों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। रवि कुमार महतो के नेतृत्व में JLKM की पहल से 11 सूत्री मांगों पर वार्ता का रास्ता खुला है। अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें 22 अक्टूबर की बैठक पर टिकी हैं। उक्त जानकारी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो ने दिया है।

